
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में खुलेआम अतिक्रमण, निगम कर्मचारियों की मिलीभगत के गंभीर आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 स्थित D-12/1, व सलोरा पार्क के सामने एक कबाड़ी द्वारा सड़क पर खुलेआम अतिक्रमण कर कबाड़ का बड़ा अड्डा बना दिया गया है। सड़क किनारे प्लास्टिक के बोरे, लोहे-लकड़ी का कबाड़, पुराने उपकरण और कचरे के ढेर लगाकर सार्वजनिक सड़क को कब्जे में लिया हुआ है, जिससे आम लोगों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध कब्जा किसी एक दिन का नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर निगम आखिर आंखें बंद कर क्यों बैठा है? लोगों का कहना है कि हरकेश नगर वार्ड के कुछ निगम कर्मचारियों की मिलीभगत से यह अवैध कबाड़ी कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिसके कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां पहले ही भारी वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क पर फैला कबाड़ न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित कर रहा है बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ा रहा है। आसपास गंदगी और कचरे के ढेर से क्षेत्र में बदबू और प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह अतिक्रमण और फैल जाएगा और सड़क पूरी तरह कबाड़ी अड्डे में बदल जाएगी। लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से सवाल किया है कि क्या नियम सिर्फ आम लोगों के लिए हैं और अवैध कारोबार करने वालों के लिए नहीं?
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि तुरंत अतिक्रमण हटाया जाए, जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच हो और अवैध कबाड़ी कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क को कब्जे से मुक्त कराया जा सके।

