
दिल्ली में प्रतिबंध के बावजूद कालिंदी कुंज से चल रहीं प्राइवेट बसें, पार्किंग बनी अवैध बस अड्डा
कालिंदी कुंज उद्यान की पार्किंग में बसों से हो रही सामान लोडिंग, स्थानीय लोगों ने उठाए मिलीभगत के आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रतिबंध के बावजूद कालिंदी कुंज क्षेत्र से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए प्राइवेट बसों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। ओखला स्थित चौधरी चरण सिंह कालिंदी कुंज उद्यान की पार्किंग को कथित रूप से अवैध बस अड्डा और सामान ढुलाई केंद्र बना दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और पार्क में आने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क में घूमने आने वाले लोगों के लिए बनाई गई पार्किंग में रोजाना कई प्राइवेट बसें खड़ी रहती हैं। इन बसों में यात्रियों के साथ-साथ बड़े पैमाने पर सामान भी लोड किया जाता है, जिसके बाद इन्हें उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर रवाना कर दिया जाता है। इससे पार्किंग स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिल पाती।
बताया जा रहा है कि कई बसें घंटों तक यहां खड़ी रहती हैं और खुलेआम सामान की लोडिंग की जाती है। इससे न केवल पार्क की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि यह गतिविधियां सुखदेव विहार ट्रैफिक सर्किल, थाना शाहीन बाग और संबंधित उद्यान विभाग की अनदेखी या मिलीभगत के चलते लंबे समय से चल रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध रूप से चल रही बसों और पार्किंग स्थल के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगाई जाए। साथ ही पार्किंग को केवल पार्क में आने वाले लोगों के लिए ही सुरक्षित रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह स्थान पूरी तरह अवैध बस अड्डे में तब्दील हो सकता है। प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले का संज्ञान लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

