
दक्षिणी दिल्ली में अवैध शराब सप्लाई पर बड़ा प्रहार, 500 से अधिक क्वार्टर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 22 अप्रैल — दक्षिण जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हरियाणा में बिक्री हेतु निर्धारित भारी मात्रा में देसी शराब के क्वार्टर और एक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई पर नजर रखते हुए टीम को 20 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर देवली रोड के पास जाल बिछाया गया, जहां पुलिस ने काले रंग की स्कूटी को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पॉलीथिन बैग में छिपाकर रखे गए शराब के कार्टन बरामद हुए। कुल मिलाकर 350 क्वार्टर ADS संत्रा देसी शराब और 154 क्वार्टर (ब्लू नाइट/रॉयल ग्रीन) जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए थे, बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश पुत्र ओम प्रकाश, निवासी अजमेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नेब सराय और दक्षिण दिल्ली के अन्य इलाकों में स्कूटी के जरिए अवैध शराब की सप्लाई करता था। पुलिस रिकॉर्ड में उसका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
इस ऑपरेशन को इंस्पेक्टर अनुज कुमार (इंचार्ज, नारकोटिक्स स्क्वॉड) के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, श्रीराम, कुलबीर, मनीष, मुकेश, संजीव और प्रवीण टोकस की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑप्स, साउथ डिस्ट्रिक्ट की निगरानी में की गई।
मामले में थाना नेब सराय में FIR नंबर 165/26, धारा 33/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने टीम की तत्परता और समन्वित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

