
दक्षिणी दिल्ली में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 23 कार्टन शराब-बीयर बरामद, एक गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 22 अप्रैल — दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 23 कार्टन अवैध शराब और बीयर के साथ एक वैगनआर कार भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, दक्षिण जिले में अवैध शराब की सप्लाई, बिक्री और खरीद पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 20 अप्रैल को थाना फतेहपुर बेरी क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकित (24) पुत्र संजीव शर्मा, निवासी आया नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
इस ऑपरेशन को इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में एसआई अमित ग्रेवाल, एसआई नवीन गुर्जर, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार, रविंदर, दिनेश कुमार, अनिल और कांस्टेबल खोइचुंग बी. ऐमोल की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी/ऑप्स अरविंद कुमार की निगरानी में की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फतेहपुर बेरी में FIR संख्या 167/2026, धारा 33/52 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगेगी और कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पुलिस टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कृत भी किया जाएगा।

