
गुलफाम सैफी | संदेश धारा –
हापुड़ जनपद में नववर्ष को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देशानुसार एवं हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में जिलेभर की पुलिस अलर्ट मोड पर है।
थाना कपूरपुर में तैनाती लेने के बाद थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब की तस्करी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और संदिग्ध वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई वाहनों के चालान किए गए और कई वाहनों को सीज किया गया।
थाना प्रभारी रघुराज सिंह स्वयं टीम के साथ सड़कों पर उतरकर वाहनों की तलाशी लेते नजर आए। थाना क्षेत्र की सभी चौकियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
थाना प्रभारी ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि नववर्ष पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

