
पोस्टमार्टम के लिए शव AIIMS भेजा गया, जांच जारी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली (बदरपुर)।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीआईडब्ल्यू कैंप, गौतमपुरी में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजब सिंह (32 वर्ष) निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जनवरी 2026 की सुबह करीब 9:05 बजे बदरपुर थाने में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें घरेलू विवाद की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि अजब सिंह अपनी ससुराल के प्रथम तल पर बने एक कमरे में फंदे से लटका हुआ था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजब सिंह अपनी पत्नी श्रीमती पुष्पा को मनाने दिल्ली आया था, जो वैवाहिक विवाद के चलते अपने मायके में रह रही थीं। परिजनों द्वारा लौटने से इनकार किए जाने के बाद अजब सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा, जहां युवक को पंखे से लटका पाया गया।
परिजनों, जिनमें मृतक के पिता भी शामिल हैं, ने किसी भी प्रकार की साजिश या आपराधिक कृत्य की आशंका से इनकार किया है। उनके बयान पुलिस द्वारा दर्ज कर लिए गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर AIIMS मोर्चरी भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी। मामले में BNSS की धारा 194 के तहत इनक्वेस्ट कार्यवाही की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

