

साहिल मंसूरी,संदेश धारा- नई दिल्ली
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना कालिंदी कुंज और एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने एक सुनियोजित फर्जी चोरी की साजिश का खुलासा करते हुए निजी कंपनी के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कंपनी की ₹15 लाख नकदी हड़पने के इरादे से झूठी चोरी की कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ₹14.5 लाख नकद, कंपनी की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
घटना का विवरण
दिनांक 05 जनवरी 2026 को दिशा कॉन्ट्रैक्ट प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंट मैनेजर विकास शर्मा (निवासी: ग्रेटर नोएडा, यूपी) ने थाना कालिंदी कुंज में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के दो कर्मचारियों ने ₹15 लाख नकद की कथित चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कर कंपनी से धोखाधड़ी की है।
शिकायत के अनुसार, 03 जनवरी 2026 को कंपनी में फील्ड बॉय के रूप में कार्यरत आरोपी रामू ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी कि दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर अज्ञात व्यक्ति ने कंपनी की मोटरसाइकिल (UP-16-EC-1351) चोरी कर ली, जिसके हैंडल पर ₹15 लाख नकद से भरा बैग टंगा हुआ था।
- जांच के दौरान पुलिस को कहानी में कई विरोधाभास मिले। इसी बीच कंपनी का एक अन्य कर्मचारी अनुज (कुक) भी उसी दिन से लापता मिला और उसका मोबाइल बंद पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया।
मामले की जांच व कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कालिंदी कुंज और एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड की दो विशेष टीमें गठित की गईं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कलिंदी कुंज व इंस्पेक्टर विष्णु दत्त (आई/सी एएनएस/एसईडी) के नेतृत्व में तथा एसीपी सरिता विहार की निगरानी में की गई।
तकनीकी निगरानी, जमीनी सूचना और सतत फील्ड फॉलो-अप के जरिए पुलिस ने दोनों आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा
सख्त पूछताछ के दौरान आरोपी रामू ने कबूल किया कि कोई चोरी नहीं हुई थी। उसने अनुज के साथ मिलकर कंपनी की नकदी हड़पने के लिए फर्जी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। रामू के खुलासे के आधार पर अनुज को भी गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर रकम की बरामदगी हुई।
बरामदगी
₹14.5 लाख नकद (बैग सहित)
कंपनी की मोटरसाइकिल (UP-16-EC-1351)
आरोपी रामू का मोबाइल फोन (अनुज के पास से)
आरोपियों का प्रोफाइल
रामू (23 वर्ष), पुत्र रविंदर सिंह, निवासी ग्राम टाड़ा, थाना भरथना, जिला इटावा (यूपी) — फील्ड बॉय, कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं।
अनुज (23 वर्ष), पुत्र महेश चंद, निवासी ग्राम नंगला कालू, थाना भरथना, जिला इटावा (यूपी) — कुक, कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कंपनी की बड़ी रकम सुरक्षित बरामद हो सकी है।

