
साहिल मंसूरी, संदेश धारा–
नई दिल्ली। जसोला ओखला विहार रोड पर जसोला मेट्रो स्टेशन के पास हर मंगलवार शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक लगने वाला साप्ताहिक बाजार पूरी तरह प्राइवेट तहबाजारी की भेंट चढ़ चुका है। आरोप है कि निजी ठेके/तहबाजारी के नाम पर पूरी सड़क पर अवैध रूप से बाजार लगवाया जाता है, जिससे रोड पूरी तरह ब्लॉक हो जाती है।
इस अव्यवस्था का खामियाजा शाहीनबाग, जामिया नगर और ओखला विहार की ओर आने-जाने वाली आम जनता को भुगतना पड़ता है। हर मंगलवार शाहीन बाग थाना क्षेत्र से लेकर जसोला मेट्रो स्टेशन तक लंबा जाम लग जाता है और लोग घंटों फंसे रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि
प्राइवेट तहबाजारी के नाम पर सड़क का खुला दुरुपयोग हो रहा है
सड़क को बाजार में तब्दील कर दिया गया है, जो नियमों का उल्लंघन है
ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं
लोगों का आरोप है कि यदि यह बाजार किसी निजी तहबाजारी के अंतर्गत लगाया भी जा रहा है, तो उसे सड़क पर लगाने की अनुमति कैसे दी जा सकती है, जबकि यह मुख्य मार्ग है और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी बेहद जरूरी है।
जनता की स्पष्ट मांग
प्राइवेट तहबाजारी की आड़ में सड़क पर लग रहे बाजार को तत्काल बंद किया जाए
बाजार को किसी वैकल्पिक और निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए
जिम्मेदार अधिकारियों और तहबाजारी ठेकेदारों पर कार्रवाई हो
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सड़कें सिर्फ प्राइवेट कमाई का जरिया बन चुकी हैं, या फिर प्रशासन आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को भी प्राथमिकता देगा।

