
शिकायती प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
गुलफाम सैफी | संदेश धारा
हापुड़ जनपद में दिनांक 07 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य मनीषा अहलावत की अध्यक्षता में मेरठ रोड स्थित सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद की हिंसा से पीड़ित 08 महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं।
जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, दहेज उत्पीड़न, मारपीट एवं छेड़छाड़ से संबंधित मामले सामने आए। माननीय सदस्य महोदया ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानों के प्रभारी अधिकारियों को तत्काल व निष्पक्ष कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए तथा प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
जनसुनवाई के उपरांत महिला आयोग की सदस्य द्वारा स्वयं सहायता समूहों एवं पोश (POSH) कमेटी के अध्यक्षों व सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि महिलाओं को कार्यस्थल एवं समाज में सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पिलखुआ, महिला थाना प्रभारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, हापुड़ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय से कनिष्ठ सहायक दीपक कुमार, अमित कुमार, संरक्षण अधिकारी रविंद्र कुमार, विधि परिवीक्षा अधिकारी रिंकू सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता, सोनिया (प्रभारी वन स्टॉप सेंटर) तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
महिला आयोग की सदस्य ने स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

