
क्राउन प्लाजा रेड लाइट से नोएडा सेक्टर-37 तक हरियाणा-यूपी नंबर के ऑटो बेखौफ, स्थानीय पुलिस व ट्रैफिक की अनदेखी पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। Crowne Plaza New Delhi Okhla रेड लाइट से लेकर Noida Sector 37 तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश नंबर के ऑटो रिक्शा खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। नियमों की अनदेखी करते हुए ये ऑटो राजधानी की सीमाओं में सवारी भर रहे हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सरिता विहार और सुखदेव विहार सर्किल में रोजाना बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों के ऑटो चलते देखे जा सकते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना परमिट और वैध कागज़ात की जांच के ये वाहन संचालन कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि जाम और अव्यवस्था भी बढ़ रही है।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कई बार ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कार्रवाई न होने से ऑटो चालकों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ट्रैफिक पुलिस नियमित अभियान चलाकर दस्तावेजों की जांच करे और बिना अनुमति चल रहे ऑटो के खिलाफ सख्त कदम उठाए, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु और सुरक्षित बन सके।

