
हापुड़: गौशाला के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन टूटी, बड़ा हादसा टला; जिला अध्यक्ष ने विद्युत विभाग पर लगाए गंभीर आरोप
गुलफाम सैफी संदेश धारा-
हापुड़ जनपद के सिंभावली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भरना स्थित एक गौशाला के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन बृहस्पतिवार सुबह अचानक टूटकर नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाइन से पहले चिंगारी निकली, जिसके बाद तार टूटकर जमीन पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय गौशाला संचालक और वहां मौजूद लगभग 35 गोवंश बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
गौशाला की देखभाल नरेंद्र सिंह और उनका परिवार करता है। बताया गया कि लाइन जर्जर स्थिति में थी और कई बार चिंगारी छोड़ने की शिकायत विद्युत विभाग और हेल्पलाइन नंबर 1912 पर की जा चुकी थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
अनिश्चितकालीन धरना शुरू
घटना के बाद नेशनल लोकतांत्रिक पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहित चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गौशाला के बाहर विद्युत विभाग के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण गांव के लोगों और गोवंश की जान खतरे में पड़ी।
जिला अध्यक्ष मोहित चौधरी ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने समाधान की बजाय पुलिस को बुलाकर प्रदर्शनकारियों को हटाने की धमकी दी और लाइन को दोबारा चालू करने के आदेश दे दिए। इससे आक्रोश और बढ़ गया।
आत्मदाह की चेतावनी, पुलिस बल तैनात
मोहित चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि अगले दिन दोपहर 12 बजे तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री कार्यालय पर आत्मदाह करेंगे। इसके बाद धरना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।
धरना के दौरान जिला अध्यक्ष ने एसएसआई संजय शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह धरना दो दिनों तक चला।
लाइन जोड़ी गई, धरना समाप्त
आखिरकार विभाग द्वारा हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त कर दोबारा जोड़ा गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए गौशाला के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाकर वैकल्पिक मार्ग से डाला जाए, ताकि जनहानि और पशुहानि का खतरा पूरी तरह खत्म हो सके।

