![]()
श्रीमद्भागवत पुराण कथा का भव्य समापन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
कुन्दन, संवाददाता
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के लालकुआं गाँव स्थित जी-ब्लॉक में शिव शक्ति मंदिर समिति परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत पुराण कथा का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समापन हुआ। 14 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया।कथा प्रारंभ से पूर्व महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए जी-ब्लॉक क्षेत्र का भ्रमण किया और मंदिर परिसर तक पहुंचीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
कथा का विधिवत शुभारंभ वृन्दावन से पधारे कथावाचक आचार्य रामकृष्ण शास्त्री ने पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर किया। सात दिनों तक उन्होंने श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराया। अपने प्रवचनों में आचार्य ने सत्संग की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सत्संग मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाहरी आडंबर से नहीं, बल्कि मन और विचारों की शुद्धि से ही जीवन में वास्तविक परिवर्तन संभव है। सत्संग से मन निर्मल होता है और जीवन सफल एवं सार्थक बनता है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन अवसर पर आयोजित भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर समाजसेवी सुभाष पहलवान, चौ. शीशपाल (पूर्व विधायक), रविंद्र रावत, विनय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण मिश्रा, मोमना बेगम, पार्षद राकेश लोहिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति में हरिशंकर, भगवती प्रसाद, रोहताश बघेल, विशाल माथुर, उमेश बघेल और बंटू आदि की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने मंदिर समिति का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों की कामना की।

श्रीमद्भागवत पुराण कथा का भव्य समापन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़