
मालवीय नगर में सनसनी: दो सगी बहनों की मौत, मां बेहोश हालत में मिली
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर के अंदर दो सगी बहनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं दोनों बच्चियों की मां बेहोशी की हालत में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 6:10 बजे थाना मालवीय नगर में एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि घर का दरवाजा काफी देर से नहीं खुल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब दरवाजा अंदर से बंद मिला तो उसे खुलवाया गया।
दरवाजा खुलने के बाद पुलिस को घर के अलग-अलग कमरों में दो लड़कियों के शव मिले, जो आपस में सगी बहनें बताई जा रही हैं। एक लड़की का शव चेहरे पर तकिया रखे हुए मिला, जबकि दूसरी लड़की गले में फंदा लगा हुआ पाया गया।
घर के ही एक कमरे में दोनों बच्चियों की मां बेहोशी की हालत में मिली, लेकिन वह जीवित थीं। पुलिस ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले दोनों बच्चियों की हत्या की और उसके बाद खुद आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

