
पूठ में मृतक विजय के घर पहुंचे सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान
गुलफाम सैफी, संदेश धारा-
बहादुरगढ़। गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पुष्पावती पूठ में होली के दिन केवट समाज के युवक विजय की हत्या के मामले ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान मृतक के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान सुधीर चौहान को बताया गया कि मृतक विजय एक प्रशिक्षित गोताखोर थे और उन्होंने अपने जीवन में सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी। ऐसे सामाजिक और साहसी व्यक्ति की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात करते हुए सीओ बहादुरगढ़ से मांग की कि इस हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।
मृतक के परिवार में इस समय भय और दुख का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि पहले ही परिवार के दो पुत्रों की मृत्यु हो चुकी है और अब परिवार में एक इकलौता बेटा और पोता ही बचे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और सरकार की जिम्मेदारी है।
- सुधीर चौहान ने कहा कि इस दुख की घड़ी में समाजवादी पार्टी गढ़मुक्तेश्वर मृतक के परिवार के साथ खड़ी है और पार्टी की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

