अमर शहीदों का सम्मान भी भाजपा सरकार को मंजूर नहीं: सहीराम पहलवान
विशेष संवाददाता।, संदेश धारा-
दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद से विधायक सहीराम पहलवान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली विधानसभा की गैलरी में स्थापित अमर क्रांतिकारियों विजयसिंह पथिक और धनसिंह कोतवाल की तस्वीरें नई भाजपा सरकार के आने के बाद हटा दी गई हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शहीदों का अपमान है।
सहीराम पहलवान ने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने दिल्ली विधानसभा में इन दोनों अमर क्रांतिकारियों की तस्वीरें लगाने की पहल की थी। लगातार प्रयासों के बाद 26 जनवरी 2024 को उनके परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में दिल्ली विधानसभा की गैलरी में उनकी तस्वीरें सम्मानपूर्वक स्थापित की गई थीं।
उन्होंने कहा कि अब नई भाजपा सरकार के आने के बाद इन महान क्रांतिकारियों की तस्वीरें गैलरी से हटा दी गई हैं, जिससे उनके समर्थकों और समाज में आक्रोश है।
सहीराम पहलवान ने भाजपा सरकार और विधानसभा के स्पीकर से सवाल करते हुए कहा कि आखिर समस्या क्या है? क्या परेशानी अमर शहीदों से है या इस बात से कि वे गुर्जर समाज से आते थे?
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं है तो फिर देश के लिए बलिदान देने वाले इन महान क्रांतिकारियों के सम्मान के साथ खिलवाड़ क्यों किया गया।
विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में विधानसभा के माननीय स्पीकर को पत्र लिखकर दोनों शहीदों की तस्वीरें पुनः सम्मानपूर्वक स्थापित करने की मांग की है।
सहीराम पहलवान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमर शहीद विजय सिंह पथिक और वीर शहीद धन सिंह कोतवाल की तस्वीरें जल्द ही दिल्ली विधानसभा की गैलरी में पुनः स्थापित नहीं की गईं तो इसके खिलाफ बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा और भाजपा सरकार को इसका सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

