
विदाई चाय पार्टी कर AAP ने जताया वीके सक्सेना का विरोध
यमुना के कालिंदी कुंज घाट पर कार्यक्रम, सौरभ भारद्वाज बोले– “हम इंतजार करते रहे, एलजी नहीं आए”
कुन्दन, संवाददाता
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अब केंद्र सरकार ने लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया है। उनके कार्यकाल को लेकर आम आदमी पार्टी की नाराज़गी एक बार फिर सामने आई। विरोध स्वरूप आम आदमी पार्टी ने कालिंदी कुंज स्थित यमुना घाट पर “विदाई चाय पार्टी” के नाम से कार्यक्रम आयोजित किया।
इस कार्यक्रम में सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा, विधायक कुलदीप कुमार तथा तुगलकाबाद के विधायक सहीराम पहलवान सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कार्यक्रम के दौरान कटाक्ष करते हुए कहा कि वे लोग वीके सक्सेना का इंतज़ार करते रहे, लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खर्चे पर वीके सक्सेना की विदाई पार्टी आयोजित की गई, जिसमें भाजपा से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया, लेकिन आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता को नहीं बुलाया गया।
सौरभ भारद्वाज ने यह भी कहा कि पार्टी नेता वीके सक्सेना को यमुना की वर्तमान स्थिति की तस्वीर दिखाना चाहते थे। उनका आरोप है कि अपने पूरे कार्यकाल में वीके सक्सेना ने दिल्ली में भाजपा के पक्ष में काम किया और आम आदमी पार्टी की कई योजनाओं का विरोध किया।

