
दक्षिणी जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सक्रिय ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी व मोबाइल बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 22 मार्च। दक्षिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक चोरी की स्कूटी और पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौनक (23) निवासी मदनगीर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 21 मार्च को मदनगीर के K-2 क्षेत्र में रेड की गई। इस दौरान आरोपी को एक स्कूटी (DL 3 SFA 5547) पर आते हुए पकड़ा गया।
जांच में पाया गया कि स्कूटी थाना अंबेडकर नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका एफआईआर नंबर 006382/26 दर्ज है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पांच चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिनमें रियलमी, ओप्पो और मोटोरोला कंपनियों के फोन शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ये मोबाइल फोन संगम विहार इलाके से चोरी किए थे और मदनगीर में उन्हें बेचने आया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को एएसआई दुश्यंत कुमार, हेड कांस्टेबल संतवीर, हेड कांस्टेबल यशपाल, कांस्टेबल अंकित और कांस्टेबल महेंद्र की टीम ने इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया, जिसकी निगरानी एसीपी अरविंद कुमार (ऑप्स/साउथ) द्वारा की गई।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरफ्तारी से थाना संगम विहार और अंबेडकर नगर के कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

