
कुश्ती जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण, नए नेतृत्व से मिलेगी नई दिशा – सुभाष पहलवान
कुंदन, संवाददाता –
नई दिल्ली। विश्व प्रसिद्ध भारत केसरी पहलवान जयप्रकाश पहलवान के भारतीय कुश्ती संघ के महासचिव पद पर नियुक्त होने पर खेल जगत में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर उनके सम्मान में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, खेल प्रेमियों एवं कुश्ती से जुड़े लोगों द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इसी कड़ी में तुगलकाबाद विधानसभा के भाजपा संयोजक एवं समाजसेवी चौधरी सुभाष पहलवान ने जयप्रकाश पहलवान को शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि “भारत केसरी जयप्रकाश पहलवान का कुश्ती संघ का महासचिव बनना न केवल कुश्ती जगत बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनके नेतृत्व में कुश्ती संघ निश्चित रूप से नई ऊँचाइयों को छुएगा।”
चौधरी सुभाष पहलवान ने आगे कहा कि जयप्रकाश पहलवान का अनुभव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता युवा पहलवानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनके मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती को नई पहचान मिलेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर करतार पहलवान, योगेश, हर्ष चौधरी, राजू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

