
विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
कन्नौज। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। माइलस्टोन 192 के पास पानीपत से बिहार जा रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो गहरी नींद में सो रहे थे।
अचानक बस में धुआं भरने लगा, जिससे यात्रियों की नींद खुली और बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलना शुरू किया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस खाली हो गई। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस धू-धू कर जलने लगी, ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय थाना पुलिस के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और दूसरी बस से उन्हें गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

