
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।कालिंदी कुंज मेट्रो पुल स्टेशन के आसपास यूपी व हरियाणा नंबर के ऑटो रिक्शा बिना किसी वैध अनुमति और परमिट के खुलेआम संचालित हो रहे हैं। इन ऑटो चालकों ने सड़क किनारे अवैध ऑटो स्टैंड बना रखा है, जिसके कारण इस मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि मौके पर स्थानीय पुलिस की बीट नंबर–1 का पुलिस बूथ और ट्रैफिक पुलिस का बूथ भी मौजूद है, इसके बावजूद वहां तैनात कर्मचारी मूक दर्शक बने हुए हैं। जाम की समस्या रोज़ाना देखने के बावजूद न तो अवैध ऑटो संचालन पर कार्रवाई की जा रही है और न ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु किया जा रहा है।
बिना वैध परमिट यूपी और हरियाणा के ऑटो रिक्शा दिल्ली की सड़कों पर धड़ल्ले से चल रहे हैं, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि
अवैध ऑटो स्टैंड को तुरंत हटाया जाए
बिना परमिट चल रहे ऑटो रिक्शाओं पर सख्त कार्रवाई हो
जिम्मेदार पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की भूमिका की जांच की जाए
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

