
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण जिला के थाना कोटला मुबारकपुर पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्कूटी चोरी और एक महंगे मोबाइल फोन चोरी के मामलों का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार चोरी की स्कूटियां और एक महंगा मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी को गश्त के दौरान रानी दुर्गावती स्कूल, किदवई नगर के पास एक युवक को बिना हेलमेट स्कूटी पर संदिग्ध हालत में बैठे देखा गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। जांच में स्कूटी चोरी की निकली, जबकि आरोपी के पास से एक महंगा मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दीपांशु (24 वर्ष) निवासी कोटला मुबारकपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों से वाहन और मोबाइल चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन और चोरी की स्कूटियां बरामद कीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। बरामद सभी वाहन दक्षिण जिला समेत अन्य जिलों में दर्ज अलग-अलग मामलों से संबंधित पाए गए हैं।
आरोपी को थाना कोटला मुबारकपुर में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगेगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

