
गुलफाम सैफी | संदेश धारा-
उत्तर प्रदेश के संभल में एक बच्चे के वायरल वीडियो के बाद अब हापुड़ जिले से भी ऐसा ही एक संवेदनशील मामला सामने आया है। धौलाना तहसील की रहने वाली राबिया नाम की बच्ची ने अपने घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। यह मामला शनिवार को सामने आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि राबिया को हाल ही में धौलाना तहसील में एक दिन के लिए प्रतीकात्मक रूप से एसडीएम बनाया गया था। उस दौरान उसने बच्चों और आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। अब राबिया का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हापुड़ के जिलाधिकारी से हाथ जोड़कर अपील करती नजर आ रही है।
वीडियो में राबिया बताती है कि उसके घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण मकान का निर्माण कार्य रुका हुआ है। उसने यह भी बताया कि इसी विद्युत लाइन की वजह से उसके भाई के साथ गंभीर हादसा हुआ था, जिसमें उसका एक हाथ कट गया। राबिया ने अपना पता धौलाना कस्बा, सिनेमा हॉल के निकट बताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द लाइन हटाने की मांग की है।
संभल के वायरल वीडियो के बाद सामने आए इस मामले ने एक बार फिर प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसुरक्षा के मुद्दे को उजागर किया है। सोशल मीडिया पर लोग राबिया की अपील का समर्थन कर रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस बच्ची की गुहार पर कितनी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करता है।

