
पुश्ता रोड के विकास कार्य को विधायक रामसिंह ने दिखाई हरी
झंडी
9.75 करोड़ की लागत से बनेगी डबल रोड, वर्षों से जर्जर सड़क से मिलेगी राहत
तारीक नासिर (वरिष्ठ पत्रकार)
दक्षिणी पूर्व दिल्ली।
बदरपुर विधानसभा एवं ओखला विधानसभा के कुछ हिस्से को जोड़ने वाली कालिंदी कुंज डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम पुश्ता रोड पर वर्षों बाद विकास की किरण दिखाई दी है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी यह सड़क अब जल्द ही नई शक्ल लेने जा रही है।
करीब 5 से 7 किलोमीटर लंबी यह सड़क उत्तर प्रदेश के नोएडा और हरियाणा के फरीदाबाद को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन यहां से हजारों दुपहिया वाहन, कार, थ्री-व्हीलर, ट्रक और ट्रैक्टर गुजरते हैं। सरकारी व निजी स्कूलों के हजारों बच्चे भी इसी मार्ग से रोज़ाना आवागमन करते हैं।
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि यह गड्ढों का अंबार और हादसों का केंद्र बन चुकी थी। स्थानीय लोग इसे “मौत का कुआं” कहने लगे थे। एंबुलेंस से मरीजों को ले जाना भी किसी पुल-सिरात से गुजरने जैसा अनुभव था।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए दक्षिणी दिल्ली के सांसद श्री रामवीर सिंह विधूड़ी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के संज्ञान में मामला लाते हुए इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 9 करोड़ 75 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कराया, जो क्षेत्र के लिए एक सराहनीय पहल है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी JKFT संस्था के संस्थापक तारिक़ नासिर ने भी लगातार जनप्रतिनिधियों को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराते हुए इसके निर्माण की मांग उठाई थी।
8 फरवरी को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम पुश्ता रोड पर पहुंचे बदरपुर विधायक चौधरी रामसिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “हम उद्घाटन की राजनीति नहीं, बल्कि ज़मीनी विकास कार्यों में विश्वास रखते हैं।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि 10 या 11 फरवरी से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और सड़क को डबल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर हाजी यूनुस (चेयरमैन), अख्तर प्रधान, डॉ. बाबू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

