बस्ती हज़रत निज़ामुद्दीन में दर्दनाक अग्निकांड
गीजर विस्फोट से लगी आग, एक की मौत, पत्नी अस्पताल में भर्ती
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
बस्ती हज़रत निज़ामुद्दीन के अल्वी चौक स्थित मकान संख्या 134–135 में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक अग्निकांड हो गया। 7 फरवरी 2026 को लगभग शाम 5 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से मकान में भीषण आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि इलेक्ट्रिक गीजर के विस्फोट से घर के अंदर आग लग गई, जिससे पूरे मकान में घना धुआं भर गया। उस समय मकान अंदर से बंद था, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजे तोड़कर घर में फंसे सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान मकान मालिक मोहम्मद सैयद निज़ामी (50 वर्ष) और उनकी पत्नी फिदा निज़ामी (45 वर्ष) बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से मूलचंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद सैयद निज़ामी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी फिदा निज़ामी होश में हैं और अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 02 दमकल गाड़ियां, 02 एंबुलेंस और 03 पीसीआर वैन तैनात की गईं। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस के अनुसार स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

