
लोधी कॉलोनी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोर गिरफ्तार
13 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद, जम्मू-कश्मीर में दर्ज चोरी का मामला सुलझा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी जिला दिल्ली पुलिस के थाना लोधी कॉलोनी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 13 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना लोधी कॉलोनी में विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया था। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर राजेश कुमार (एसएचओ लोधी कॉलोनी) के नेतृत्व और एसीपी डिफेंस कॉलोनी सोम नाथ परुथी की निगरानी में की गई।
12 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे हेड कांस्टेबल सतीश और कांस्टेबल राजेश पेट्रोलिंग के दौरान सिल्वर ओक पार्क के पास पहुंचे। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके बैग से 13 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह सामान जम्मू-कश्मीर के कुंजेर (बारामूला) इलाके में स्थित ‘साइबर मोबाइल स्टेशन’ दुकान से चोरी किया था। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया गया, जहां पुष्टि हुई कि इस चोरी के मामले में एफआईआर नंबर 26/2026, दिनांक 9 मार्च 2026 थाना कुंजेर में दर्ज है।
इसके बाद आरोपी राहिल अहमद रैसी (34 वर्ष) पुत्र अब्दुल समद रैसी, निवासी तंगमार्ग, जिला बारामूला, जम्मू-कश्मीर को बीएनएसएस की धारा 35(1)(e) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी का सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जम्मू-कश्मीर में मौसमी मजदूर के रूप में काम करता है। उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला सुलझाने में सफलता मिली है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

