
दो घंटे में लूट का खुलासा, चार नाबालिग आरोपी दबोचे
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी जिला पुलिस ने भाटी माइंस क्षेत्र में दो युवकों से मारपीट कर लूट करने वाले चार नाबालिग आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर पकड़कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। सभी आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को सुबह करीब 10 बजे संजय कॉलोनी, भाटी माइंस के डी-ब्लॉक गली के पास कबाड़ का काम करने वाले नूर आलम (23) को विक्की नामक युवक अपने भाई दीपक और दो साथियों के साथ मिलकर रोक लिया। आरोपियों ने उससे 50 रुपये की मांग की। नूर आलम द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान नूर आलम का दोस्त फैसल बीच-बचाव के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों युवकों से करीब 12 हजार और 2 हजार रुपये लूट लिए। किसी तरह दोनों युवक मौके से निकलकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर थाना मैदान गढ़ी में एफआईआर नंबर 93/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो घंटे में पुलिस ने बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीपी भाटी माइंस की टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। एसआई कमल शर्मा (इंचार्ज पीपी), एसआई धर्मवीर सिंह, एचसी अनिल, एचसी राकेश, एचसी जितेंद्र और कांस्टेबल राजवीर की टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कई छापेमारी की और रणनीतिक तरीके से जाल बिछाया।
पुलिस की तेज और समन्वित कार्रवाई के चलते एफआईआर दर्ज होने के दो घंटे के भीतर ही चारों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया गया।
सभी आरोपी नाबालिग
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी संजय कॉलोनी के रहने वाले हैं और स्कूल छोड़ चुके हैं। सभी को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है।
दक्षिणी जिला के डीसीपी अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता से वारदात का जल्द खुलासा हुआ है और सराहनीय कार्य करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

