‘
बंटी-बबली’ स्नैचर्स गिरफ्तार, 24 घंटे में दिल्ली पुलिस ने दबोचे
हौज खास थाना पुलिस की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी जिला पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को थाना हौज खास में पीसीआर कॉल के माध्यम से मोबाइल स्नैचिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता रोहित (29) निवासी गांव अघवानपुर, जिला सोनीपत (हरियाणा) ने बताया कि वह मालवीय नगर की ओर से आ रहे एक लड़के और लड़की द्वारा बाइक पर आए और उसका मोबाइल फोन छीनकर चिराग दिल्ली फ्लाईओवर की ओर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर एफआईआर नंबर 134/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए हौज खास थाना पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में एसआई मोहित कुमार, एचसी विशाल, एचसी जसवंत और महिला कांस्टेबल अंजलि शामिल थे, जो एसएचओ हौज खास के नेतृत्व में और एसीपी हौज खास की निगरानी में काम कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया गया।
इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर विशाल उर्फ बनिया (25) निवासी टिगरी एक्सटेंशन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (DL-3S-DF-6684) बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह वारदात अपनी साथी शिवानी मुर्मू उर्फ रिया (23) निवासी हेमकुंड, नेहरू प्लेस के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने बाद में शिवानी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार विशाल पर पहले से स्नैचिंग के सात मामले दर्ज हैं, जबकि शिवानी पर भी एक पूर्व मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।
दक्षिणी जिला के डीसीपी अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि पुलिस टीम की मुस्तैदी से 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात का खुलासा हो गया।

