
दिल्ली के स्क्रैप कारोबारी की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
फरीदाबाद। दिल्ली के एक स्क्रैप कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, उप निरीक्षक हरीश (थाना चांदनी महल, दिल्ली) ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी कि 7 मार्च को मोहम्मद आरिब, निवासी दरियागंज दिल्ली, की गुमशुदगी की सूचना थाना चांदनी महल में प्राप्त हुई थी। इस संबंध में 10 मार्च को मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 7 मार्च को सेक्टर-60 स्थित सुनसान इलाके में आरिब की हत्या कर शव रेलवे लाइन के पास फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे लाइन के पास से मोहम्मद आरिब का शव बरामद कर लिया।
लूट के इरादे से की हत्या
थाना आदर्श नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए राहुल (22) निवासी गांव ठुलाई, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश), हाल किरायेदार गांव पाली तथा बाबू (24) निवासी रनुआ खेड़ा, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) को 10 मार्च को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहुल और बाबू पिछले पांच वर्षों से दोस्त हैं और फरीदाबाद के गोच्छी क्षेत्र में अलग-अलग फैक्ट्री/कंपनियों में काम करते हैं। मृतक मोहम्मद आरिब का स्क्रैप का कारोबार था और वह फैक्ट्रियों में स्क्रैप खरीदने आता था। करीब 4–5 महीने पहले राहुल की आरिब से पहचान हुई थी।
राहुल को पता था कि आरिब अपने पास काफी नकदी रखता है। इसी लालच में राहुल और बाबू ने उससे लूटपाट की योजना बनाई। योजना के तहत राहुल ने आरिब को फोन कर स्क्रैप खरीदने के बहाने गोच्छी क्षेत्र, फरीदाबाद बुलाया।
चलती स्कूटी पर रेत दिया गला
7 मार्च की दोपहर आरिब अपनी स्कूटी से आरोपियों के पास पहुंचा। तीनों स्कूटी पर बैठकर सेक्टर-60 के सुनसान इलाके की ओर चले गए। आरोपियों ने पहले से ही अपने साथ चाकू रखे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, चलती स्कूटी पर ही बाबू ने चाकू से आरिब का गला रेत दिया। स्कूटी से गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने उस पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी आरिब के पास से करीब एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।


Faridabad mein hatya ki sajish Rachi gai