
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध पानी बोरिंग से टैंकरों में भराई, जल बोर्ड पर मिलीभगत के आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1, प्लॉट नंबर 319 के पास अवैध रूप से बोरिंग से पानी निकालकर निजी टैंकरों में भरने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां से रोजाना प्राइवेट टैंकरों में पानी भरकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा है, जिससे भूजल का लगातार दोहन हो रहा है।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन इमारतों और अन्य स्थानों पर पानी सप्लाई करने के लिए यहां बोरिंग के जरिए जमीन से पानी निकालकर टैंकरों में भरा जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब गतिविधि खुलेआम सड़क किनारे हो रही है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार चल रहा है। क्षेत्र में खड़े टैंकरों को पाइप के जरिए बोरिंग से जोड़ा जाता है और पानी भरकर शहर के विभिन्न इलाकों में भेज दिया जाता है।
लोगों का कहना है कि इस तरह अवैध रूप से भूजल निकालना पर्यावरण और शहर के जल स्तर के लिए गंभीर खतरा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में इलाके में जल संकट और गहरा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि दिल्ली जल बोर्ड, एमसीडी और जिला प्रशासन तुरंत संयुक्त कार्रवाई कर अवैध बोरिंग को सील करें और पानी के अवैध टैंकरों पर सख्त कार्रवाई करें। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए।

