
चेन स्नैचिंग का प्रयास नाकाम, विरोध करने पर महिला पर चाकू से हमला
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 30 मार्च — दक्षिणी दिल्ली के सीआर पार्क थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश का मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने विरोध करने पर महिला पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, 29 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे बंगिया समाज के पास दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक महिला को निशाना बनाते हुए उसकी चेन छीनने का प्रयास कर रहे थे। महिला द्वारा विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला के हाथ में हल्की चोट आई।
घटना के बाद महिला खुद ही नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां उसका इलाज किया गया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस कार्रवाई: पीड़िता की शिकायत पर थाना सीआर पार्क में बीएनएस की धारा 309(6)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज जुटा लिए हैं, जिनका बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल (IPS) ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

