मुकेश शर्मा संवाददाता, संदेश धारा –
सरिता विहार अंडरपास से क्राउन प्लाजा रोड पर गोदरेज स्टेट के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी एक बस पिकअप गाड़ी में पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दिल्ली जल बोर्ड के प्राइवेट टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में एक बाइक चालक और एक ईको कार सवार भी आ गए, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्राइवेट टैंकर का चालक नशे की हालत में था और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते उसने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और यह भी जांच की जा रही है कि टैंकर किस ठेकेदार का है और उसे किस उद्देश्य से चलाया जा रहा था।


