
ऊंटों के जरिए शराब तस्करी का भंडाफोड़, 39 कार्टन अवैध शराब बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 30 मार्च — दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक अनोखे तरीके से की जा रही अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 39 कार्टन अवैध शराब के साथ दो ऊंट भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 29-30 मार्च की रात को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से संगम विहार के जंगलों के रास्ते दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ने इलाके में जाल बिछाया।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में और एसीपी/मुख्यालय, दक्षिण जिला के पर्यवेक्षण में एचसी रविंदर शुखा, एचसी सुनील, एचसी अनिल, एचसी राजपाल और कांस्टेबल खोइचुंग बिल ऐमोल की टीम ने संगम विहार के जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब वह दो ऊंटों के जरिए शराब की खेप ले जा रहा था।
बरामदगी:
39 कार्टन अवैध शराब (कुल 1,938 क्वार्टर)
तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 2 ऊंट
शराब ढोने का उपकरण
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सख्त चेकिंग से बचने के लिए सड़कों की बजाय जंगल के रास्तों और ऊंटों का इस्तेमाल कर रहा था, ताकि पुलिस नाकों से बचा जा सके। यह तरीका ऑपरेशन कवच के तहत बढ़ी सख्ती से बचने के लिए अपनाया गया था।
गिरफ्तार आरोपी:
विनोद भडाना (48 वर्ष), निवासी गांव आनंदपुर, फरीदाबाद, हरियाणा
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मामले में शामिल रह चुका है।
जब्त किए गए ऊंटों को संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल (IPS) ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे बड़ी सफलता बताया है।

